पिथौरागढ़। सड़क नहीं बनने से पथरौली गांव के लोगों में आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं करने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी।
ग्राम प्रधान हरीश चंद्र के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाई जा रही है। इसके बावजूद सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा। सड़क नहीं होने से दो किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ रही है। बीमार और गर्भवती महिलाओं को डोली से सड़क तक पहुंचना पड़ता है।
सड़क निर्माण को लेकर अब तक केवल कोरे आश्वासन दिए गए हैं। कहा कि यदि शीघ्र सड़क नहीं बनाई गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में कृष्ण चंद्र, महेश, शेखर आदि शामिल थे।