गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। बिजली का बिल जमा न होने से गणाईगंगोली में बीएसएनएल के एक्सचेंज की बिजली काट दी गई है। बिजली कटने से ब्राडबैंड सेवा बाधित हो रही है और लोगों के कामकाज प्रभावित भी हो रहे हैं।
ऊर्जा निगम ने बकाया जमा न करने पर टेलीफोन एक्सचेंज की बिजली काट दी है। एक्सचेंज में बिजली न होने से इंटरनेट सेवा प्रभावित हुई है। पोस्टआफिस, सब ट्रेजरी, पालीटेक्निक कॉलेज के साथ तमाम संस्थानों में इंटरनेट न चलने से कामकाज प्रभावित हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता हेमवती नंदन कोठारी, रमेश लाल, सुंदर सिंह, गिरीश चंद्र, किशन राम, गुलाब सिंह ने एक्सचेंज में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था न करने पर नाराजगी जताई है। इन लोगों ने संचार सेवा सुचारु न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
इधर, ऊर्जा निगम के अवर अभियंता हरीश बोरा ने बताया कि विभाग पर 28 हाजर रुपये बकाया होने के कारण बिजली काटी गई है। बिल जमा होते ही कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा।
रणुवा, अमतड़ी में छह फरवरी से बिजली गुल
पिथौरागढ़। पीपली क्षेत्र के रणुवा और अमतड़ी में पिछले दो सप्ताह से बिजली नहीं है। रणुवा के ग्राम प्रधान मान सिंह कार्की ने बताया कि छह फरवरी से बिजली नहीं है। कई बार सूचना देने के बाद भी ऊर्जा निगम आपूर्ति सुचारु नहीं कर रहा है। प्रधान ने कहा कि दो दिन के भीतर बिजली बहाल नहीं होती है तो मामला विद्युत नियामक बोर्ड के सामने रखा जाएगा। ऊर्जा निगम ड्योड़ा में बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त होने की बात कर रहा है। बताया जा रहा है कि लाइन की मरम्मत की जा रही है।