पिथौरागढ़। जिले में खेल प्रतिभाओं को उभारने के उद्देश्य से डीएम सी रविशंकर की विशेष पहल और अभिनव प्रयासों के तहत स्पोर्ट्स टैलेंट हंट कार्यक्रम को खेल विभाग के अंतर्गत शुरू किया जा रहा है। जिला सभागार में पत्रकारों से वार्ता में डीएम ने कहा कि योजनांतर्गत जिले में खेल विभाग द्वारा बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और शूटिंग खेलों में खिलाड़ियों का विकास खंड स्तर के बाद जिला स्तर पर चयन कर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चयनित प्रतिभाओं को स्पोर्ट्स हॉस्टल, स्पोर्ट्स कॉलेज, साईं ट्रेनिंग सेंटर, आर्मी व्वाइज सहित अन्य खेल एकेडमी में प्रवेश कराया जाएगा। विकास खंड स्तर पर 27 अगस्त से चयन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए रोस्टर तैयार कर लिया है। प्रतिभागी की उम्र एक जुलाई 2018 को 11 वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम होनी चाहिए। प्रत्येक खेल में 20 खिलाड़ी, जिसमें 10 महिला 10 पुरुष होंगे। कुल 60 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इनमें फिर जिला स्तर पर तीनों खेलों के लिए 30 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें विभिन्न संस्थाओं में प्रवेश को तैयार किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों को यात्रा भत्ता, भोजन, निशुल्क आवास, खेल उपकरण, स्पोर्ट्स किट की सुविधा दी जाएगी। इन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने पर नियमानुसार प्रोत्साहन धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि प्रदेश में इस प्रकार की पहल पिथौरागढ़ से ही शुरू की जा रही है।