पिथौरागढ़। इस बार उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा में पिथौरागढ़ जिले के परिणाम में सुधार देखने को मिला है। परीक्षा में सफल होने वाले छात्र-छात्राओं की तादाद बढ़ी है। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणाम में कुल मिलाकर लगभग चार फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इंटरमीडिएट का परिणाम 3.39 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ इस बार 86.13 हो गया है। इसी तरह हाईस्कूल परीक्षा परिणाम .55 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ इस बार 80.63 फीसदी पहुंच गया है। असफल रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम हुई है। पास होने वाले छात्र-छात्राओं की तादाद में इजाफा हुआ है। शिक्षा विभाग परिणाम में सुधार को सकारात्मक रूप से देखता है। सीईओ डॉॅ. वीपी सिमल्टी का कहना है कि इस बार परीक्षा परिणाम में सुधार के साथ छात्रों का अंक प्रतिशत भी बढ़ा है।
पिछले साल की तुलना में ज्यादा छात्र ससम्मान श्रेणी में पास हुए हैं। इंटरमीडिएट में पिछले साल 124 छात्र ससम्मान श्रेणी में पास हुए थे। इस बार 309 छात्र ससम्मान श्रेणी पास हुए। हाईस्कूल में पिछले साल 1773 छात्र ससम्मान श्रेणी में पास हुए थे। इस बार 1814 छात्र ससम्मान श्रेणी में पास हुए हैं। इसके साथ ही प्रथम क्षेणी में पास होने वालों की तादाद बढ़ी है। जबकि तृतीय श्रेणी में पास होने वाले छात्रों की तादाद कम हुई है।