पिथौरागढ़। राज्य सरकार के निर्देश पर निजी स्कूलों की जांच शुरू हो गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में पिथौरागढ़ जिले के आठों विकास खंडों में जांच अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। अधिकारियों से सप्ताह भर के अंदर जांच कर रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही जिले के ढाई सौ से अधिक छोटे-बड़े निजी स्कूल जांच के दायरे में आ गए हैं।
निजी स्कूलों में मनमानी और अनियमितताओं की शिकायतें आम हैं। इन शिकायतों को देखते हुए सरकार ने शिक्षा विभाग को निजी स्कूलों की जांच करने को कहा है। विभागीय अधिकारी हर स्कूल का भौतिक निरीक्षण कर मानकों के उल्लंघन और अनियमितताओं का पता लगाएंगे। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकार कार्रवाई करेगी।
इधर, राज्य सरकार के निर्देश मिलने के बाद विभाग हरकत मेें आ गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ वीपी सिमल्टी ने आठों विकास खंडों के शिक्षाधिकारियों को जांच सौंप दी है। उन्होंने बताया कि जिले भर में निजी स्कूलों की संख्या ढाई सौ से ज्यादा है। खंडीय अधिकारी हर विद्यालय का धरातलीय निरीक्षण करेंगे। अभिभावकों की तमाम शिकायतों पर बिंदुवार रिपोर्ट मांगी गई है। एक सप्ताह के भीतर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।