पिथौरागढ़। पेयजल निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुधवार को दूसरे दिन भी वेतन और पेंशन भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पेयजल निगम के दफ्तर में तालाबंदी कर कामकाज ठप करा दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों को नवंबर से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। सरकार के पास वेतन और पेंशन से संबंधित जितनी भी पत्रावलियां जा रही हैं, उनका अनुमोदन नहीं हो पा रहा है। इसी कारण वेतन और पेंशन भुगतान में दिक्कत आ रही है।
कर्मचारी और अधिकारी अब तक इसी उम्मीद में थे कि शायद वेतन और पेंशन का भुगतान हो जाएगा, लेकिन जब सभी तरफ से निराशा होने लगी तो पेयजल निगम अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन छेड़ दिया गया है। बताया गया है कि इस संबंध में संयुक्त संघर्ष समिति की प्रांतीय कार्यकारिणी कई बार शासन स्तर पर वार्ता कर चुकी है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
बुधवार को तालाबंदी का नेतृत्व अभियंता गंभीर सिंह चौहान और उमेद सिंह बिष्ट ने किया। धरना-प्रदर्शन में एलएम कर्नाटक, आरएस धर्मशक्तू, वीके पाल, अविनाश चंद, हेमंत भंडारी, घनश्याम राम, जीएस गुंज्याल, जेआर कोहली आदि शामिल हुए। पेंशन न मिलने से पेयजल निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी भी खासे परेशान हैं। कर्मचारियों ने तालाबंदी और धरने को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का फैसला लिया है।