पिथौरागढ़। अप्रैल 2018 में जिला अस्पताल में स्थापित आईसीयू के सफेद हाथी साबित होने के मामले में दवा प्रतिनिधि संगठन मुखर हो गया है। दवा प्रतिनिधियों ने जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में आईसीयू को संचालित करने के लिए स्टाफ तैनात करने की मांग की है।
दवा प्रतिनिधि संगठन के अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में सीएमएस डॉ. निर्मला बिष्ट को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि स्टाफ की कमी के कारण अस्पताल में स्थापित आईसीयू संचालित नहीं हो रहा है। स्टाफ की कमी को दूर कर आईसीयू का लाभ जनता को दिया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बाहरी जिलों के चक्कर न काटने पड़ें। संगठन ने अस्पताल में अतिरिक्त शैय्या लगाने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष भुवन पांडे ने कहा है कि उनका संगठन मरीजों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता है, अक्सर रक्तदान करता है।
उन्होंने सीएमएस को विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी रक्त की जरूरत हुई तो संगठन के लोग रक्तदान करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव भगवान सिंह, सुनील धामी, खीम भंडारी, निर्मल पांडे, भूपेंद्र कुमार, महेश बसेड़ा, अमित साह, ललित भट्ट, राहुल कुमार, कैलाश पांडे आदि शामिल थे।