झूलाघाट (पिथौरागढ़)। झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर गौरीहाट के पास से दौली के लिए कटी सड़क पर 32 साल से डामर नहीं हुआ है। इस कारण क्षेत्र के तीन गांवों के लोग अब भी धूल और गड्ढायुक्त सड़क पर चलने को मजबूर है। सड़क पर डामरीकरण न होने की दशा में इन गांव के लोगों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान किया है।
गौरीहाट से दौली सड़क का निर्माण वर्ष 1984 में तत्कालीन विधायक लीलाराम शर्मा ने करवाया था। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण यह सड़क 32 वर्ष बाद भी पक्की नहीं हुई। सड़क पर डामरीकरण के लिए क्षेत्र के विधायक सहित लोनिवि को दर्जनों बार कहा गया। प्रत्येक चुनाव में जनप्रतिनिधि सड़क पर डामरीकरण कराने का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव निपटने के बाद इसे भूल जाते हैं। डामर नहीं होने से दौली, भंडाखोली और कुवापानी के लोग अब भी हिचकोले खाने का मजबूर हैं। तीन किमी का सफर करने में 30 मिनट का समय लग रहा है।
सड़क पर हमेशा दुर्घटना का भय रहता है। दौली गांव में हुई बैठक में ग्राम प्रधान खड़क राम, पीटीए अध्यक्ष अर्जुन चंद, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल चंद, महेश चंद्र भट्ट, राकेश भट्ट, ललित चंद, लक्ष्मी नारायण भट्ट, जगमोहन भट्ट, नरेंद्र भट्ट, जगदीश भट्ट, देवेंद्र भट्ट आदि ने लोकसभा चुनाव तक सड़क पर डामरीकरण नहीं करने पर लोकसभा चुनाव बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
गौरीहाट-दौली सड़क पर डामरीकरण और सड़क को आगे के गांवों से जोड़ने के लिए कई बार प्रस्ताव शासन को गया है। जैसे ही स्वीकृति मिलती है। सड़क पर डामरीकरण शुरू कर दिया जाएगा। -नवीन जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि पिथौैरागढ़।