फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोज की तरह घूमने निकले राजेंद्र रावत

विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। नगरपालिका अध्यक्ष पद पर विजयी भाजपा के राजेंद्र रावत की दिनचर्या में पहले दिन कोई अंतर नहीं आया। रावत रोज की तरह तड़के उठकर घूमने निकल गए।
विज्ञापन


बाद में घर पहुंचकर उन्होंने नहाया और पूजा-अर्चना के बाद नाश्ता किया। दोपहर में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और घर पर बधाई देने आने वाले लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह मतदाताओं के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

फुटबाल खिलाड़ी राजेंद्र रावत सुबह उठकर अकेले ही स्टेडियम पहुंचे और थोड़ी देर अभ्यास किया। बाद में वह केमू स्टेशन, चिमस्यानौला, जीआईसी रोड, देव सिंह मैदान पहुंचे और लोगों से मुलाकात की। दोपहर में उन्होंने कार्यकर्ताओं, समर्थकों के साथ नगर की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नगर में सफाई, पथ प्रकाश, क्षतिग्रस्त रास्तों को दुरुस्त किया जाएगा।
विज्ञापन


कमला ने बाजार में घूमकर दिया मतदाताओं का धन्यवाद
डीडीहाट। नगरपालिका अध्यक्ष पद पर निर्वाचित भाजपा की कमला चुफाल के पहले दिन की शुरुआत भी अन्य दिनों की तरह हुई। सुबह उन्होंने घर के काम निपटाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं को धन्यवाद देने के लिए बाजार में निकली। उन्होंने पूरे बाजार क्षेत्र में घूमकर लोगों और व्यापारियों को धन्यवाद दिया। कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले जो भी वादे किए हैं, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक विशन सिंह चुफाल के सहयोग से घोषणाओं को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीडीहाट में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से कई समस्याएं पैदा होती हैं। स्पेशल बजट से टैक्सी स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मोहल्ला समितियों को सक्रिय किया जाएगा। कहा कि डीडीहाट के सातों वार्डों का सभी सभासद मिलकर विकास करेंगे। इस दौरान उनके साथ दीपक चुफाल, हरेंद्र चुफाल, मनोज साह, संजय चुफाल, कवींद्र साही, लोकेश भड़ आदि थे। ब्यूरो

धारचूला की राजेश्वरी ने ग्वालगांव में घर-घर जाकर बांटी मिठाई
धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला नगरपालिका से निर्वाचित राजेश्वरी देवी चुनावी थकान के कारण सुबह चार बजे मार्निंग वॉक पर नहीं जा सकीं। सुबह 5.30 बजे उठने के बाद उन्होंने पहले भगवान शिव की पूजा की। इसके बाद 7.45 बजे ग्वालगांव वार्ड में जाकर 110 परिवारों के मतदाताओं को धन्यवाद दिया और उन्हें मिठाई बांटी। सुबह 10 बजे कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह क्षेत्रवासियों के लिए आयोजित सामूहिक भोज में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि धारचूला नगर की जो भी समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका प्रमुख उद्देश्य है। ब्यूरो

जयश्री पाठक ने विधायक मीना से की मुलाकात
गंगोलीहाट। नगर पंचायत से निर्वाचित भाजपा की जयश्री पाठक के दिन की शुरुआत रोज की तरह हुई। सुबह पूजा-अर्चना के बाद जयश्री अपने ससुर पूर्व प्रमुख ललित पाठक एवं कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय विधायक मीना गंगोला से मिलने उनके गणाई क्षेत्र स्थित टुपरौली गांव रवाना हुईं। वहां पर उनका फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। यहां पर गोकुल गंगोला, भगवान चंद्र, कृष्णा बोहरा आदि भाजपाई मौजूद थे। ब्यूरो

हेम पंत ने घर में ही बिताया आधा दिन
बेड़ीनाग। बेड़ीनाग नगर पंचायत से निर्वाचित निर्दलीय हेम पंत सुबह घर में ही मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने जीत की बधाई देने पहुंचे लोगों को धन्यवाद दिया। व्हट्सएप और फेस बुक पर भी बधाई देने वालों का आभार जताया। दोपहर में वह बाजार में स्थित अपने प्रतिष्ठान पंत कांप्लेक्स में पहुंचे। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की अपेक्षाओं के अनुसार विकास कार्य किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें