पिथौरागढ़। विकास पुरुष के नाम से विख्यात पूर्व केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय एनडी तिवारी ने पिथौरागढ़ जिले में 260 मेगावाट की धौलीगंगा बिजली परियोजना समेत कई विकास कार्यों को धरातल पर उतारा।
एनडी तिवारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए वर्ष 1989 में घाट पेयजल योजना और पिथौरागढ़ बिजली सब स्टेशन का उद्घाटन किया। वर्ष 1989 में पंडित तिवारी ने गंगोलीहाट में तहसील का उद्घाटन किया था। वर्ष 1989 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एनडी तिवारी गंगोलीहाट पहुंचे। पिथौैरागढ़ सीट से चुनाव लड़ रहीं रत्ना बिष्ट के समर्थन में गंगोलीहाट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में सभा को संबोधित किया था।
वर्ष 2006 में एनडी तिवारी ने धारचूला में 260 मेगावाट की धौलीगंगा बिजली परियोजना का उद्घाटन किया। गंगोलीहाट में राजीव नवोदय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय भी एनडी तिवारी के कार्यकाल में खुले। वर्ष 2004 में कनालीछीना, देवलथल उप तहसील खोली।
विपक्षी सदस्यों को निरुत्तर कर देते थे एनडी : ओझा
पिथौरागढ़। वर्ष 1967 में एनडी तिवारी के साथ विधायक रहे गोपाल दत्त ओझा एनडी को गजब का बुद्धिमान बताते हैं। कहते हैं कि वह सदन में विपक्षी दलों के सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर बड़ी बेबाकी से देते थे। विपक्षी सदस्यों को निरुत्तर कर देते थे। 87 वर्षीय ओझा बताते हैं कि एनडी तिवारी वर्ष 1967 के विधानसभा चुनाव में उनके समर्थन में डीडीहाट से पैदल सिंघाली पहुंचे और सभा की थी। इससे पहले एनडी तिवारी प्रजा सोशलिस्ट पार्टी में रहने के दौरान समाजवादी नेता चंद्रशेखर (पूर्व प्रधानमंत्री) के साथ धारचूला तक आए थे। उनके पूर्व विधायक लीला राम शर्मा से काफी घनिष्ठ संबंध थे। वर्ष 1989 में उन्होंने लीला राम शर्मा के समर्थन में डीडीहाट में विधानसभा चुनाव में प्रचार किया था।