पिथौरागढ़। काली कुमाऊं के खड़ी होली गायकों का दल बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती के आवास पर पहुंचा। होल्यारों ने जमकर होली गीत गाए और पालिकाध्यक्ष को परिवार सहित शुभकामना दी।
काली कुमाऊं के होल्यार यहां गांधी चौक में भी सार्वजनिक रूप से होली गायन करते हैं। होली गायक नित्यानंद जजरिया के नेतृत्व में पहुंचे होल्यारों ने-कैकेई है निर्दोष लछिमन दोष न दीजै कैकेई को, गीत गाया। होल्यारों के साथ पालिकाध्यक्ष भी थिरकने लगे।
इससे पहले होल्यारों का स्वागत किया गया। उनको रंग, अबीर लगाया गया। बाद में चाय, पानी, मिठाई बांटी। इस मौके पर होली गायक हरीश भट्ट, महेश खर्कवाल, अरुण खर्कवाल आदि थे। काली कुमाऊं के होली की यहां अलग पहचान है। इसमें रामायण और महाभारत की कथा का वर्णन होता है। काली कुमाऊं की होली की यह परंपरा करीब 30 साल से जारी है। अब होली गायकों की नई टीम भी तैयार होने लगी है।