पिथौरागढ़। शहर के अतिक्रमण पर डीएम ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने अब तक अतिक्रमण न हटाने पर पुलिस प्रशासन, नगर पालिका को आड़े हाथों लिया है। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस, राजस्व और नगर पालिका की टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि नगर मेें जगह-जगह अतिक्रमण पैर पसार रहा है। अवैध होर्डिंग की भरमार हो गई है। सड़कें और सार्वजनिक संपत्तियां अतिक्रमण की जद में हैं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है, लेकिन संबंधित विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। जिम्मेदार विभागों की इस लापरवाही पर डीएम ने आड़े हाथों लिया।
उन्होंने एडीएम के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। टीम में नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस को शामिल किया गया है। जल्द ही संयुक्त टीम पूरे नगर में अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही डीएम ने जिले भर की तहसीलों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका को एक माह में चार अतिक्रमणकारी ही मिले
अतिक्रमण को लेकर सरकारी मशीनरी की संजीदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक माह के भीतर पालिका को शहर भर में महज चार ही अतिक्रमणकारी मिले। डीएम ने नगर पालिका की इस कार्रवाई को नाकाफी बताया।
कम चालान पर डीएम नाराज
सड़क सुरक्षा समिति के कामकाज की समीक्षा के दौरान कम चालानों की संख्या देख डीएम नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
15 मार्च तक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की सूची तलब
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के संयुक्त निरीक्षण और बचाव की कार्यवाही पर भी विभाग लापरवाही बरत रहे हैं। जिले में दुर्घटना संभावित सड़कों पर क्रश बैरियर और साइन बोर्ड लगाए जाने हैं, लेकिन अब तक विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। डीएम ने विभागों से 15 मार्च तक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की सूची तलब की है।