मदकोट (पिथौरागढ़)। बंगापानी तहसील मुख्यालय में मंगलवार को एसडीएम आरके पांडे की ओर से लगाए बहुउद्देशीय शिविर में अधिकतर विभागों के अधिकारियों के गैरहाजिर रहने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। एसडीएम ने गैरहाजिर रहने वाले विभागीय अधिकारियों का जवाब-तलब किया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य भगत सिंह समेत कई पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि जब विभागों के मुखिया ही ऐसे कार्यक्रमों से नदारद रहेंगे तो जनसमस्याओं का समाधान कैसे होगा।
शिविर में सिंचाई, पीएमजीएसवाई, वन और जल संस्थान के अधिकारी ही मौजूद रहे। लोनिवि, शिक्षा, विद्युत, पेयजल समेत अन्य महत्वपूर्ण विभागों का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। शिविर में कुल 50 लोगों के आवेदनपत्र जमा हुए। 55 लोगों को आय प्रमाणपत्र जारी किए गए। आठ लोगों को ओबीसी, 10 को चरित्र प्रमाणपत्र दिए गए। शिविर के लिए सभी विभागों को पूर्व सूचना दी गई थी, लेकिन अधिकतर ने इसका पालन नहीं किया।
बंगापानी तहसील में तहसीलदार का पद भी रिक्त है। धारचूला के तहसीलदार डॉ. ललित तिवारी को यहां का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। प्रशासन ने लोगों को प्रमाणपत्र जारी करने और समस्या सुनने के लिए शिविर का आयोजन किया था।