पिथौरागढ़। विकासखंड मुनस्यारी के तल्ला जोहार क्षेत्र की दस हजार आबादी को अब तक संचार की सुविधा नहीं मिल पाई है। आजादी के 70 वर्ष बाद भी इन लोगों के लिए संचार सेवा सपना बनी है, जबकि डिजिटल इंडिया का व्यापक स्तर पर प्रचार किया जा रहा है। क्षेत्र के लोग बुधवार को ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह सुयाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले और चेतावनी दी कि यदि इलाके में शीघ्र मोबाइल टावर नहीं लगाया गया तो पूरे क्षेत्र के लोग जिला मुख्यालय आकर क्रमिक अनशन पर बैठ जाएंगे।
ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत कोटा, लोद, डोकुला, पंद्रपाला, खड़िक, मलौन, समकोट, डुंगरी, सेलमाली, दाखिम गांवों में रहने वाली दस हजार की आबादी को अब तक संचार की कोई सुविधा नहीं मिली है। कहा कि लोगों को फोन पर बात करने के लिए 15 किलोमीटर दूर बांसबगड़ जाना पड़ता है। यह इलाका तिब्बत और नेपाल सीमा से नहीं लगा है। सुरक्षा कारणों से मोबाइल सेवा न देने का कोई बहाना भी इस इलाके में नहीं चलता। उन्होंने कहा कि सिर्फ विभागीय लापरवाही के कारण ही लोगों को संचार सुविधा से वंचित किया गया है।
प्रधान ने कहा कि मोबाइल टावर लगाने के लिए 25 अगस्त तक का समय दिया जा रहा है, उसके बाद लोग आंदोलन शुरू कर देंगे। ज्ञापन देने वालों में वीरेंद्र सिंह दानू, हरिओम पंवार, जयराम सिंह आदि शामिल थे।