पिथौरागढ़। यूपी सुल्तानपुर निवासी देवता प्रसाद गुप्ता ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। उसने चारधाम यात्रा पर गईं पिथौरागढ़ की एक महिला को यमनोत्री में खोए पर्स में रखे कागजात स्पीड पोस्ट से भेजे हैं। देवता प्रसाद पर्स में रखी रकम महिला के बैंक खाते में जमा करा चुके हैं।
पिथौरागढ़ नगर के रई निवासी प्रेमा पांडेय पत्नी स्वर्गीय विद्यासागर पांडेय ने बताया कि वह 12 मई को चारधाम की यात्रा पर गईं थीं। यात्रा के दौरान गंगोत्री में उनका कहीं पर्स गिर गया। पर्स में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, 15,730 रुपये थे। इसके बाद पैसे न होने से वह काफी परेशान हो गईं थीं। साथी यात्रियों ने यात्रा खर्च देकर उनकी यात्रा पूरी कराई।
सुल्तानपुर यूपी के सकरसी गांव निवासी देवता प्रसाद गुप्ता पुत्र राम समुझ गुप्ता ने स्पीड पोस्ट से उनका आधार कार्ड और वोटर आईडी भेजी है। स्पीड पोस्ट 30 जून को उन्हें मिला है। प्रेमा पांडेय के पुत्र सीमांत इंजीनियरिंग कॉलेज पिथौरागढ़ में प्रवक्ता मुकेश पांडे ने बताया कि देवता प्रसाद पर्स में रखी रकम उनके बैंक खाते में जमा करा चुके हैं।