पिथौरागढ़। जनसुनवाई में राजस्व, पेयजल, सड़क, विद्युत, शिक्षा और अन्य विभागों से संबंधित 27 शिकायतें आईं। जनसुनवाई की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम स्यूनी के ग्रामीणों ने स्यूनी तोक कुठरोली-खड़क्यागैर क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग उठाई। बताया कि क्षेत्र में लगभग अनुसूचित जाति के 200 परिवार निवास करते हैं जिन्हें आवागमन में काफी कठिनाई होती है। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मूनाकोट ब्लॉक के ग्राम बुंगा मर्सोलीभाट के ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 25 वर्ष पुराना सार्वजनिक पेयजल पोस्ट एक माह पूर्व बिना किसी पूर्व सूचना के हटा दिया गया। इस कारण 6-7 परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। एडीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल जांच कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।