चंपावत। जिले में पिछले 24 घंटों में 25 मिमी बारिश हुई। बृहस्पतिवार की रात अचानक तेज बारिश शुरू हुई। चार घंटे तक लगातार बारिश होती रही। सुबह करीब पांच बजे बारिश बंद हुई। इसके बाद सुबह छह बजे हल्की धूप खिल आई। फिर मौसम ने करवट बदली और बादल छा गए। दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। करीब दो बजे धूप खिल आई।
जिला आपदा परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में लोहाघाट में 22 मिमी, बनबसा में 17 मिमी, टनकपुर में 12 मिमी और पाटी में 8.50 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद नगर न्यूनतम तापमान 15 और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन बारिश की संभावना जताई है, जिस पर प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की अपील की है।