धारचूला में बीएसएनएल की संचार सेवा पूरे 24 घंटे तक ठप रही। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से संचार सेवा ठप हो गई थी। इसे शुक्रवार को सुबह 11 बजे ठीक किया जा सका। इस दौरान इंटरनेट सेवाएं भी ठप रही। उपभोक्ताओं में इस तरह की अव्यवस्था को लेकर भारी गुस्सा है। बताया गया कि बृहस्पतिवार सुबह जौलजीबी और धारचूला के बीच केबल लाइन कटने से यह व्यवधान आया। उसके बाद से बीएसएनएल की एसटीडी, मोबाइल, इंटरनेट सभी सेवाएं बंद हो गई।
आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों को भी इस तरह की अव्यवस्था के कारण परेशानी उठानी पड़ी। धारचूला में बीएसएनएल की सेवाएं महीने में कम से कम दस बार खराब होती है। अब तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला जा सका है। व्यापारियों को कहना है कि इस तरह की अव्यवस्था का असर उनके व्यवसाय पर पड़ रहा है। समय पर सामान की डिमांड नहीं भेजी जा सकती और ग्राहकों से भी संपर्क नहीं हो पाता। बीएसएनएल के स्थानीय कर्मचारी इस तरह की अव्यवस्था के बारे में कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं रहते।
आइडिया की सेवा शुरू नहीं हो पाई
निजी क्षेत्र की संचार कंपनी आइडिया ने यहां कुछ स्थानों पर अपने टावर तो लगा दिए हैं, लेकिन उनको चालू नहीं किया गया है। पहले कहा गया था कि आइडिया की सेवा 15 मार्च से शुरू हो जाएगी। व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने कहा कि अब निजी कंपनी की सेवा शुरू कराने के लिए आंदोलन किया जाएगा।