पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-धारचूला रोड पर आए दिन जाम लग रहा है। ग्रिफ के पास से रई पुल तक जाम के कारण लोगों को परेशानी होती है। जाम की समस्या सड़क किनारे खड़े वाहनों से पैदा हो रही है।
पिथौरागढ़ में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से सड़कों को ही पार्किंग बना दिया गया है। सिल्थाम से ग्रिफ तक वाहनों को कतार में खड़ा किया जा रहा है। इनमें निजी वाहनों के अलावा टैक्सियों की संख्या सबसे अधिक है। नगर में वन साइड पार्किंग की व्यवस्था है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर वाहन स्वामियों द्वारा सड़क के दूसरी ओर भी वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है। यही स्थिति धारचूला रोड पर भी है।
यहां पर वाहनों की अधिक संख्या होने से भारी वाहनों के प्रवेश करते ही जाम लग जाता है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है। बृहस्पतिवार को भी दिन में जाम लगने के कारण स्कूूली वाहन फंस गए। आए दिन जाम के कारण परेशानी का सामना कर रहे लोगों ने पुलिस प्रशासन से व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।