पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई पट्टी से सात अक्तूबर से संचालित होने वाली हवाई सेवा इंवेस्टरों (निवेशकों) के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। औद्योगिक विकास के लिए सात और आठ अक्तूबर को राज्य का प्रथम इंवेस्टर समिट देहरादून में आयोजित किया जा रहा है। इंवेस्टर समिट को देखते हुए निवेशकों के साथ किए जाने वाले एमओयू के लक्ष्य को विभागवार आवंटित कर दिया गया है। प्रमुख सचिव उद्योग मनीषा पंवार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों से इंवेस्टर समिट के बारे में जानकारी ली।
एडीएम पिथौरागढ़ आरडी पालीवाल ने बताया कि इंवेस्टर समिट के लिए जिला उद्योग केंद्र पिथौरागढ़ में सिंगल विंडो सिस्टम तैयार किया गया है। वर्तमान तक जिले में 17 इंवेस्टर के साथ एमओयू किया गया है, इसमें से 11 इंवेस्टर के 11 करोड़ 87 लाख रुपये के निवेश के प्रस्ताव को डीएम ने स्वीकृत कर दिया है। शेष 8 करोड़ के निवेश के 6 प्रस्तावों को शीघ्र ही स्वीकृत किया जाएगा। इंवेस्टर मुख्य रूप से होटल व्यवसाय और पर्यटन व्यवसाय के क्षेत्र में निवेश करने के इच्छुक हैं।
एडीएम ने बताया कि जिले से हवाई सेवा शुरू होने के मद्देनजर इंवेस्टर औद्योगिक विकास के क्षेत्र में विशेष रुचि ले रहे हैं। प्रमुख सचिव उद्योग पंवार ने जिला स्तर पर सिंगल विंडो व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, लैंड बैंक को अपडेट रखने के साथ ही अगर कोई किसान उद्योग के लिए अपनी भूमि देना चाहता है तो ऐसे किसानों से वार्ता करते हुए उसके साथ एमओयू करने के निर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत आदि थे।