पिथौरागढ़। वर्षों पुरानी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से नैनीसैनी हवाई पट्टी क्षेत्र के प्रभावित किसानों में नाराजगी है। उन्होंने प्रभावित सभी परिवारों के एक-एक सदस्य को नौकरी और मार्ग सुविधा नहीं देने पर सात अक्तूबर से शुरू हो रही हवाई सेवा के विरोध का एलान किया है।
भूमिया देवता किसान सामाजिक विकास समिति के अध्यक्ष दीवान सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने कहा कि नैनीसैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू होने वाली है। इसके बावजूद प्रभावित किसानों के परिवार के सदस्यों को नौकरी देने की मांग पर कोई सुनवाई नहीं हुई है।
कहा कि मार्ग नहीं होने से सुजई गांव के निचले हिस्से की जमीन बंजर हो गई है। उन्होंने इसके लिए मार्ग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। बाद में इस संबंध में एक ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है तो सभी किसान ढोल-नगाड़ों एवं बैनर के साथ विरोध-प्रदर्शन और घेराव करेंगे।