थल में नैनादेवी-अलकाथल सड़क की दुर्दशा के खिलाफ सोमवार को क्षेत्र के लोगों ने प्रदर्शन किया। आठ किमी लंबी इस सड़क का निर्माण सात वर्ष पूर्व हो गया था, लेकिन सड़क पर डामर नहीं किया गया है। बारिश के मौसम में सड़क लंबे समय तक बंद हो जाती है। सड़क के किनारे पानी के निकास के लिए नालियां नहीं बनी हैं। सड़क के नाम पर लोगों को ठगा गया है।
नैनादेवी से अलकाथल के लिए बनी इस सड़क की कोई देखरेख नहीं की जाती। इसी सड़क से होकर मस्मोली से चलमोड़ी तक बनाई गई सड़क की दशा भी बेहद खराब है। सड़क होने के बावजूद लोगों को यातायात सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क के निर्माण में जमकर लीपापोती की गई। इसके निर्माण के समय मानकों का ध्यान नहीं दिया गया। ग्राम प्रधान पूरन चंद्र जोशी ने कहा कि विभाग के अधिकारी अब सड़क की देखरेख के लिए नहीं आते। इस कारण सड़क की दशा लगातार खराब होती जा रही है। चेतावनी दी कि विभाग ने तुरंत सड़क की दशा नहीं सुधारी तो लोनिवि दफ्तर के सामने बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में जगदीश जोशी, गौरी दत्त जोशी, प्रेम चंद्र, ऊर्बा दत्त, हरीश जोशी, गणेश तिवारी, गोविंद जोशी, भास्कर तिवारी आदि थे।