गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष नंदा बिष्ट की गाड़ी का पुलिस द्वारा चालान करने और गाड़ी को थाने ले जाने के विरोध में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धारचूला पुलिस का पुतला फूंका। गंगोलीहाट मुख्य चौराहे पर एकत्र कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए, पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
कांग्रेसियों का कहना था कि सोमवार को महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष का वाहन धारचूला नगर में खड़ा था। रात नौ बजे पुलिस ने न केवल वाहन का चालान किया बल्कि वाहन भी उठा लिया। रात नौ बजे उठाया गया वाहन थाने में मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया है।
कहा कि जानबूझकर महिला जिलाध्यक्ष के साथ अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। पुतला फूंकने वालों में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हयात सिंह बोरा, मनोज कुमार टम्टा, मनोज महरा, सुरेश बिष्ट, महेश लाल साह, आदि शामिल थे। ब्यूरो