धारचूला(पिथौरागढ़)। शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश से कैलाश यात्रा मार्ग में नजंग के समीप चट्टानें दरक गई। पहाड़ी से भारी मात्रा में गिरे मलबे में दबने से चार खच्चरों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन खच्चर गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे से एक ढाबा ध्वस्त हो गया।
शुक्रवार रात धारचूला तहसील क्षेत्र में तेज बारिश हुई। बारिश से कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग में नजंग के पास भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से गिरे मलबे में दबने से चार खच्चरों की मौत हो गई। छह खच्चर गंभीर रूप से घायल हो गए। भूस्खलन के मलबे से पार्वती देवी का ढाबा ध्वस्त हो गया। ढाबे में रखा सारा सामान बह गया। रात में ढाबे में किसी के मौजूद नहीं होने से बढ़ा हादसा टल गया। भूस्खलन से कैलाश यात्रा मार्ग में जाने वाले व्यापारियों का सामान भी मलबे में दब गया। इस स्थान पर पिछले वर्ष भी भूस्खलन हुआ था।