झूलाघाट (पिथौरागढ़)। मूनाकोट विकासखंड कार्यालय का भवन जीर्ण-शीर्ण हो चुका है। बारिश होने पर भवन में कई जगह पानी टपकता है। भवन के दरवाजे, खिड़कियां गल चुकी हैं।
सीमांत की 76 ग्रामसभाओं के विकास को गति देेने वाला मूनाकोट विकासखंड का भवन बहुत ही पुराना हो चुका है। वर्ष 1960 में बने भवन का कई स्थानों पर प्लास्टर निकल चुका है। भवन में पिछले 6 वर्षों से रंगरोगन भी नहीं हुआ है। मुख्य भवन में फर्श भी कई जगह टूट चुका है।
बरसात में कई जगहों पर पानी आने लगा है। भवन के कई खिड़की और दरवाजे मरम्मत न होने से गल चुके हैं। भवन के कई स्थानों पर टूटने से बरसात में भवन को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
ब्लॉक कार्यालय मूनाकोट में नए भवन के निर्माण के लिए 75 लाख रुपये के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है, टेंडर लग चुके हैं। शीघ्र ही पुराने भवन को ध्वस्त कर नए भवन का काम शुरू कर दिया जाएगा। -कवींद्र सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी मूनाकोट