मूनाकोट के एक मकान में लटके बिजली के तार
- फोटो : अमर उजाला
मूनाकोट के एक मकान में बीते दिनों आए अंधड़ के बाद बिजली की हाइटेंशन लाइन टूटकर मकान की छत और बरामदे में लटक गई है। विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई कर्मी लाइन का मुआयना करने नहीं आया। नतीजतन बिजली के तार से खतरा बना है।
झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग के किनारे मूनाकोट गांव के रमेश चंद की मकान की छत से 11 केवी की विद्युत लाइन गुजरती है। एक मई को क्षेत्र में आए अंधड़ से लाइन टूटकर लटक गई। रमेश चंद ने पांच मई को इसकी शिकायत ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता नितिन सिंह गर्खाल से की। अधिशासी अभियंता ने उपखंड अधिकारी को स्थल का निरीक्षण कर लाइन व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
रमेश चंद का कहना है कि 15 दिन बाद भी विभाग का कोई भी व्यक्ति लाइन देखने नहीं आया। लाइन के टूट कर लटकने से रमेश चंद का परिवार भयभीत है। पावर ग्रिड के उपखंड अधिकारी विनोद बिष्ट ने कहा है कि जिस क्षेत्र में मकान बना है वहां पर विद्युत लाइन पहले से है। विभाग ने लाइन शिफ्ट करने का इस्टीमेट रमेश चंद को भेजा है, धन जमा होने के अगले दिन से लाइन शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।