धारचूला (पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर नगर के ग्वालगांव वार्ड में 150 से अधिक मकानों को चिन्हित किए जाने से लोगों में हड़कंप मच गया है। लोगों ने उपजिलाधिकारी के सामने मामला उठाकर चौड़ीकरण के लिए बाईपास का निर्माण करने की मांग की है।
ग्वालगांव वार्ड में चौड़ीकरण को लेकर भूमि और भवनों का आंकलन किया गया है। इन दिनों भूमि और मकानों का सीमांकन करने का काम चल रहा है। चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे भवनों में निशान लगा दिए गए हैं। चौड़ीकरण में सड़क के दोनों ओर करीब 150 मकानों के टूटने की आशंका पैदा हो गई है। सोमवार को ग्वालगांव के लोगों ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी आरके पांडेय से मुलाकात की। कहा कि पूर्व में जिमतड़ से टीवी टावर तक बाईपास सड़क बनाने के लिए सर्वे किया था, वहीं से बाईपास बनना चाहिए, इससे लोग बेघर होने से बचेंगे।
चौड़ीकरण में मकान टूटे तो कई लोग बेघर तो होंगे ही, लोगों का रोजगार भी छिनेगा। पहले की गई सर्वे के अनुसार यदि बाईपास बनता है तो इससे सरकारी धन की भी बचत होगी। सड़क की दूरी भी घटेगी। एसडीएम ने कहा कि इस संबंध में सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। सड़क चौड़ीकरण से लोगों को कम से कम नुकसान हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। एसडीएम से मिलने वालों में कल्याण सिंह कुंवर, देवकी गर्ब्याल, रुकुम सिंह बिष्ट, दुर्गा देवी, लक्ष्मी बोनाल दशरथी सोनाल, प्रशांत गर्ब्याल, लता जेठा, कल्पना धामी, बसंती देवी, सुरेती देवी, रदमा देवी, जयंती जोशी आदि शामिल थे।