पिथौरागढ़। एजूकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफीसर्स एसोसिएशन की जिला इकाई ने प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति सूची निर्गत करने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने इस बाबत संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री को ज्ञापन भेजे। कहा कि पदोन्नति सूची जारी न होने पर जिला इकाई धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी।
प्रांतीय नेतृत्व को भेजे पत्र में संगठन के जिला सचिव कैलाश सिंह बिष्ट, पूर्व कोषाध्यक्ष देवराज मर्तोलिया, मथुरा दत्त भट्ट, ज्योति कुमार पांडे, शमशेर सिंह, राजीव लोचन पाटनी, सुरेश चंद्र पांडे, प्रदीप सिंह खड़ायत आदि ने पदोन्नति सूची जारी न होने पर खेद जताया है। कहा कि नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने जा रही है।
अधिसूचना से पहले पदोन्नति सूची जारी नहीं हुई तो मामला लटक जाएगा। कहा कि इस मामले को लेकर प्रांतीय नेतृत्व को पिछले पांच महीने से लगातार पत्र भेजे जा रहे हैं। प्रांतीय नेतृत्व इस दिशा में कोई प्रयास नहीं कर रहा है। जिला इकाई ने पत्र की प्रति माध्यमिक शिक्षा मंत्री, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, मंडलीय नेतृत्व को भी भेजी है।