पिथौरागढ़। यहां के युवा कांग्रेसी सोमवार की सुबह हल्द्वानी रवाना हो गए हैं। पिथौरागढ़ में फेंकू दा पकौड़ा स्टाल लगाने के बाद अब हल्द्वानी में भी स्टाल लगाया जाएगा। उसके बाद युवा कांग्रेसी दिल्ली में भी इसी तरह का स्टाल लगाएंगे।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नौजवानों और बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक किया है। लोकसभा चुनाव से पहले देश के करोड़ों नौजवानों को नौकरी का सब्जबाग दिखाने वाले प्रधानमंत्री ने अब उनको पकौड़ा बेचने की सलाह दी है। नौजवानों के साथ इससे बड़ी विडंबना कुछ नहीं हो सकती।
उन्होंने नौजवानों से कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार से उम्मीद करना छोड़ दें क्योंकि अब सरकार उनकी किसी भी मुराद को पूरा करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि अब भी देश के नौजवान नहीं जागे तो उनको भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और पढ़ने लिखने के बाद भविष्य चौपट हो जाएगा। मंगलवार को हल्द्वानी में स्टाल लगाया जाएगा।