मदकोट (पिथौरागढ़)। बेटे की मौत के बाद से मानसिक तनाव झेल रही एक महिला ने शनिवार अपरान्ह एक बजे गोरी पुल से नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में छलांग लगाते हुए कई लोगों ने देख लिया और पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी प्रियांशु जोशी के नेतृत्व में गई टीम ने नदी से महिला का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
मूलरूप से टांगा बिंदी निवासी त्रिलोक सिंह का परिवार पिछले कुछ समय से मदकोट बाजार में नया मकान बनाकर रहता है। त्रिलोक सिंह बीएसएफ में तैनात हैं। शनिवार को दोपहर बाद उनकी पत्नी खिला देवी (42) ने गोरी पुल पर जाकर नदी में छलांग लगा दी। उनको ऐसा करते हुए मजदूरों एवं वहां से जा रहे लोगों ने देख लिया।
बताया गया कि खिला देवी के बेटे की दो साल पहले मौत हो गई थी, तब से वह मानसिक तनाव में थी। मृतका के दो और बच्चे हैं। पति बीएसएफ में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। इस घटना से मदकोट बाजार के लोग सकते में हैं। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति को सूचना दे दी गई है।