पिथौरागढ़। नववर्ष की पूर्व संध्या पर हुड़दंग मचाने वालों और अराजकता फैलाने वालों से निपटने के लिए पुलिस ने इस बार पुख्ता प्रबंध किए हैं। एसपी अजय जोशी के निर्देश पर नगर को शांतिव्यवस्था की दृष्टि से कई जोनों में बांटा गया है। हर जोन में एक उपनिरीक्षक और चार जवान तैनात रहेंगे। कोतवाली पुलिस की टीम अलग से नगर के हर हिस्से में गश्त करेगी। 31 दिसंबर की रात नशे में हुड़दंग की संभावना ज्यादा रहती है।
सीओ शेखर सुयाल ने बताया कि घंटाकरण से चंडाक तक के इलाके को एक जोन में रखा गया है। इस इलाके में लोनिवि निरीक्षण भवन, केएमवीएन का पर्यटक आवासगृह आते हैं। दूसरा जोन कोतवाली से लेकर डिग्री कॉलेज तक रहेगा। इस जोन में पांडेगांव, जीआईसी जैसे मोहल्ले शामिल हैं। सिल्थाम से बस्ते तक अलग जोन बनाया गया है। रई पुल से लेकर बस्ते तक पुलिस की गश्त रहेगी। बस स्टेशन से ऐंचोली तक और कुमौड़ से विण तक अलग जोन बनाए गए हैं। सीओ ने बताया कि इस साल की विदाई और नए साल के स्वागत के नाम पर किसी को भी अशांति फैलाने की इजाजत नहीं होगी। इस दौरान पुलिस की नजर शराबियों, तेज गाड़ी चलाने वालों पर भी रहेगी। उन्होंने कहा कि नए साल का स्वागत शालीनता से करें और किसी दूसरे को असुविधा में न डालें। इस बीच एसपी ने सभी थानों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि 31 दिसंबर को विशेष सतर्कता बरतें। ज्यादा भीड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त तेज करने को कहा गया है।
नववर्ष की पूर्व संध्या के लिए पिथौरागढ़ नगर को कई जोनों में बांटा
हर जोन में एक दरोगा के साथ रहेंगे चार पुलिसकर्मी
खलियाटॉप में अभी से आने लगे पर्यटक
पिथौरागढ़। समुद्र सतह से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित खलियाटॉप में इस बार थर्टी फर्स्ट को बड़ी संख्या में पर्यटक जुटेंगे। खलियाटॉप में ज्यादा लोगों के लिए आवासीय सुविधा संभव नहीं हो पाती। इस कारण बुकिंग पहले से करनी पड़ती है। खलियाटॉप के रिसोर्ट संचालक सुरेंद्र पंवार ने बताया कि 30 दिसंबर की शाम से खलियाटॉप में पर्यटक आने लगेंगे। दिल्ली, हल्द्वानी के लोगों ने अग्रिम बुकिंग कराई है। उन्होंने बताया कि खलियाटॉप के आसपास अभी बर्फ है। यदि पर्यटक करीब 500 मीटर तक आगे बढ़ेंगे तो उनको ताजा बर्फ के दर्शन हो जाएंगे। इस सीजन में कुछ दुर्लभ पक्षी भी खलियाटॉप के आसपास दिख रहे हैं। खलियाटॉप पहुंचने के लिए छह किमी पैदल चलना पड़ता है।