गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। उत्तराखंड शिक्षा और अनुसंधान केंद्र (यूसर्क) की ओर से हिमालयन ग्राम्य विकास समिति के सभागार में एक दिवसीय टेक्नोलॉजी इंवेल्ड कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के तहत विद्यार्थियों को संचार सुविधाओं और ऐप्स की जानकारी दी गई।
यूसर्क के निदेशक दुर्गेश पंत ने कहा कि पहाड़ की युवा पीढ़ी रोजगार प्राप्त करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों में पलायन कर रही है। कहा कि पिछड़े क्षेत्र में संचार की सुविधा मिलने से विद्यार्थी अपने घर पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकता है, उसे शहरों को पलायन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
बताया कि यूसर्क ने इस दिशा में कई प्रोग्राम तैयार किए हैं। एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के डॉ. ओम प्रकाश ने वीडियो शो के माध्यम से विद्यार्थियों को गणित और अंग्रेजी विषय की तैयारियों के बारे में बताया। कार्यशाला में यूसर्क के डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. योगेश जोशी, संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट समेत विद्यार्थी मौजूद थे।