पिथौरागढ़। जिलेभर में डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षकों से रूबरू हुए। डा. राधाकृष्णन को देश का महान व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में शिक्षक को सर्वोच्च स्थान मिला है। इतिहास, शास्त्र, ग्रंथों में गुरु को ईश्वर से भी ऊंचा स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सबसे अधिक धनराशि व्यय कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, स्वान केंद्र के साथ ही तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों में स्थापित 8 स्वान केंद्रों के माध्यम से शिक्षकों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 12 बच्चों पर एक शिक्षक कार्यरत है। निजी स्कूलों में 25 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक है। फिर भी 60 प्रतिशत बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। सीएम ने घटती छात्रसंख्या को रोकने के लिए शिक्षकों से सुझाव देने को कहा।
सीएम ने कहा प्रदेश में 352 प्राथमिक, 73 जूनियर हाइस्कूलों में एक भी विद्यार्थी नहीं है। 2525 प्राथमिक विद्यालय ऐसे हैं जिनमें 10 से कम छात्रसंख्या है। सीएम ने कहा स्कूलों की दशा सुधारने के साथ ही स्कूलों तक बच्चों को लाने, ले जाने की व्यवस्था सरकार करने जा रही है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी सी रविशंकर ने शिक्षकों को संबोधित किया।