पिथौरागढ़। जिले के 201 इंटर कॉलेज और हाईस्कूल प्रभारी प्रधानाचार्यों के भरोसे चल रहे हैं। लंबे समय से इन विद्यालयों का जिम्मा वरिष्ठ शिक्षकों को सौंपा गया है। ऐसे में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। जिले में 128 इंटर कॉलेज हैं। इनमें से मात्र 10 में ही स्थायी प्रधानाचार्य तैनात हैं जबकि 118 इंटर कॉलेज प्रभारियों के सहारे हैं। वहीं जिले के 87 हाईस्कूल में से 83 प्रभारी प्रधानाचार्यों के जिम्मे हैं। केवल चार हाईस्कूल में ही स्थायी प्रधानाचार्य हैं।
पिथौरागढ़ जिले के आठ विकासखंडों में खंड शिक्षा अधिकारी के आठ पद स्वीकृत हैं। इसके सापेक्ष सिर्फ पांच खंड शिक्षा अधिकारी कार्यरत हैं और तीन पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसके अलावा जिले में उप शिक्षा अधिकारी के आठ पद रिक्त हैं। इसके सापेक्ष सिर्फ एक उप शिक्षा अधिकारी कार्यरत हैं और सात पद रिक्त चल रहे हैं। प्रधानाचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षा अधिकारी के पद रिक्त होने से पठन पाठन के अलावा कई अन्य विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके बाद भी सरकार नियुक्ति को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र लुंठी ने शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है।
इनसेट कोट-
रिक्त पदों की सूचना लगातार निदेशालय को भेजी जा रही है। वर्तमान में प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्तियां होनी हैं। अन्य रिक्त पदों को लेकर लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
एके जुकरिया, सीईओ पिथौरागढ़।