टनकपुर-तवाघाट हाइवे में किमखोला के पास फंसे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर-तवाघाट एनएच पर किमखोला के पास बुधवार शाम करीब पांच बजे भारी मलबा गिरने से यातायात 20 घंटे तक बंद रहा। सड़क को चौड़ा करने के दौरान पहाड़ी से गिरा मलबा सड़क पर पट गया। इस कारण बृहस्पतिवार सुबह धारचूला से दिल्ली, टनकपुर को जाने वाली बसें, सेना के वाहन, यात्री वाहन किमखोला में फंसे रहे। सीमा सड़क संगठन ने रात में मलबा हटाने की कोई कोशिश नहीं की। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। मलबा अपरान्ह एक बजे हटाया जा सका। तब जाकर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।
रोड बंद होने से पिथौरागढ़ एवं अन्य स्थानों से धारचूला आने वाले वाहन किमखोला में ही फंसे रह गए। यात्रियों में इस अव्यवस्था को लेकर भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के समय निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसी कारण बार-बार पहाड़ी से मलबा बिना बारिश के भी गिरता जा रहा है। पिथौरागढ़ से तवाघाट तक की रोड पर कई स्थानों पर डेंजर जोन बने हैं। इनमें किसी भी समय मलबा गिर सकता है। सीमा सड़क संगठन पिछले पांच साल से रोड चौड़ीकरण में लगा है, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है।