गोल के लिए जूझते चमोली और बागेश्वर के खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
राज्य यूथ बालक वर्ग फुटबाल प्रतियोगिता में हरिद्वार की टीम ने उत्तरकाशी को 2-0 से हराया। चमोली-बागेश्वर, टिहरी-पौड़ी के बीच खेला गया मुकाबला बराबरी पर छूटा।
पहला मुकाबला चमोली और बागेश्वर के बीच खेला गया। 8वें मिनट में मिली पेनाल्टी को चमोली के खिलाड़ी गोल में नहीं बदल पाए। चमोली ने आक्रामक खेल जारी रखा। कुछ ही देर बाद चंद्रमोहन ने चमोली के लिए पहला गोल दागा। मध्यांतर के बाद बागेश्वर के दीपक उपाध्याय ने शानदार गोल के जरिए टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। अंत तक मैच बराबरी पर ही रहा। पौड़ी और टिहरी के बीच हुए मुकाबले में खेल शुरू होने के कुछ ही देर बाद पौड़ी के सुशील ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। कुछ देर बाद टिहरी के अंकित ने गोल किया। पौड़ी के काकुल नेगी ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में टिहरी के जुगल ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
हरिद्वार और उत्तरकाशी के बीच खेले गए मुकाबले में हरिद्वार के सोमेश कोठारी ने टीम के लिए पहला गोल किया। कुछ देर बाद सोमेश ने दूसरा गोल दाग दिया। उत्तरकाशी की टीम कोई गोल न कर सकी। निर्णायक किरन महर, यतीश ओझा, कवींद्र मेहता, तनवीर, महेंद्र फस्र्वाण, भूपेंद्र सिंह चौहान, हीरा नेगी थे। जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद वल्दिया ने बताया कि सेमीफाइनल मुकाबले 7 अक्तूबर, खिताबी मुकाबला 8 अक्तूबर को खेला जाएगा।