1970-71 की आपदा के प्रभावितों को शासन अब मदद उपलब्ध कराएगा। जिलाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने धारचूला में आपदा प्रभावितों की बैठक लेकर यह जानकारी दी है। तब आपदा प्रभावितों को सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिल पाई थी।
तहसील कार्यालय में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि दोबाट आपदा के 48, गलाती के 47 परिवारों की पहचान हो गई है। इन लोगों को राहत दी जाएगी। आपदा के बाद यह लोग जौलजीबी, बलुवाकोट, छारछुम में बस गए थे। जिलाधिकारी ने बताया कि इन सभी 95 परिवारों को जमीन का पटा दिया जाएगा। प्रभावितों में से कई लोगों की मृत्यु हो गई। इनके वारिसों की पहचान की जाएगी।
सीपू के पूर्व प्रधान जीवन मार्छाल ने जिलाधिकारी को कहा कि इस लिस्ट में सीपू के सीपाल उपजाति के लोगों को नाम नहीं है। जबकि वर्ष 1970-71 की आपदा में सीपू के सीपाल उपजाति के लोग भी प्रभावित हुए थे। जिलाधिकारी ने एसडीएम राजकुमार पांडे को इस प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। कहा कि सीपाल लोगों के प्रभावित होने की बात सामने आती है तो उनको भी मदद दिलाई जाएगी। बैठक में तहसीलदार इंद्र बहादुर मल और प्रभावित परिवारों के तमाम लोग मौजूद थे।