पिथौरागढ़। मांगों को लेकर उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर यूनियन ने पिथौरागढ़ और लोहाघाट में प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
आशा वर्कर शुक्रवार को रामलीला मैदान पर एकत्र हुईं और वहां से जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने नारेबाजी कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। कहा कि प्रधानमंत्री ने आशाओं के मानदेय को दोगुना करने की जो घोषणा की है वह गले नहीं उतर रही है। कहा कि जब आशाओं को केंद्र सरकार कोई मानदेय देती ही नहीं है तो वह दोगुना क्या करेगी। उन्होंने ज्ञापन में न्यूनतम मासिक वेतन 18 हजार करने, हेल्थ कार्ड सर्वे से लेकर सभी सर्वे, अभियान के लिए फील्ड कर्मियों की तरह दैनिक दिहाड़ी और भत्ता देने, जब तक न्यूनतम मासिक वेतन 18 हजार घोषित नहीं होता तब तक उनकी प्रोत्साहन राशि का बकाया भुगतान उनके खाते में डालने, सभी अस्पतालों में आशा गृहों का निर्माण करने, जहां निर्माण हो चुका है, उन्हें खोलने जैसी मांगें उठाई।
इस दौरान यूनियन की जिलाध्यक्ष इंद्रा देउपा, महामंत्री निर्मला पाल, पिंकी कलौनी, उमा महरा, सीमा नगरकोटी, लीला जोशी, सुनीता, दीपा, लीला जोशी, सुमन चंद, गीता देवी, राजेश्वरी, संगीता आर्या, दीपा मनौला, पुष्पा बोरा आदि मौजूद रहीं।