गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। राजकीय इंटर कॉलेज चिटगल (गंगोलीहाट) में व्यायाम शिक्षक के पद पर तैनात मुक्केबाज जोगेंद्र बोरा देश के सीनियर मुक्केबाजों के चयन शिविर में बतौर जज/रैफरी शामिल रहेंगे। चयन शिविर 19 से 22 दिसंबर तक पटियाला (पंजाब) में लगेगा। जोगेंद्र की उपलब्धि पर उनके विद्यालय के साथ ही गृह क्षेत्र चाकबोरा और गणाईगंगोली में खुशी व्याप्त है।
चार से आठ दिसंबर तक देहरादून में हुई नेशनल स्कूल मुक्केबाजी प्रतियोगिता में जोगेंद्र बोरा ने प्रतियोगिता प्रबंधक (कंपटीशन मैनेजर) के रूप में कार्य किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम अव्वल रही थी। नेशनल स्कूल मुक्केबाजी प्रतियोगिता में जोगेंद्र के काम को सराहना मिली थी।
जोगेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय उप खेल निदेशक डॉ. धर्मेंद्र भट्ट, उत्तराखंड मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष मुकर्जी निर्वाण को दिया। जोगेंद्र की उपलब्धि पर विधायक मीना गंगोला, ब्लॉक प्रमुख गंगा बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह बोरा (शिवजी), जीआईसी चिटगल के प्रधानाचार्य पीएस बोरा, संदीप, डीके जोशी आदि ने बधाई दी है।