पिथौरागढ़। रोड़ीपाली गांव निवासी तरुन सिंह बसेड़ा सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। देहरादून में शनिवार को हुई पासिंग आउट परेड के समय तरुन के पिता देवेंद्र सिंह बसेड़ा, माता किरन बसेड़ा, दादा सेवानिवृत्त सूबेदार लाल सिंह बसेड़ा, दादी तथा परिवार के अन्य लोग इस गौरवशाली क्षण के गवाह बने।
तरुन की प्रारंभिक शिक्षा महर्षि विद्या मंदिर जाजरदेवल से हुई। इसके बाद दून इंटरनेशनल स्कूल से हाइस्कूल और इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास करने के बाद तरुन स्नातक की डिग्री लेने दिल्ली विश्वविद्यालय चले गए। वहीं से उन्होंने सेना में कमीशन की तैयारी की। तरुन के पिता देवेंद्र सिंह पटियाला में एक पांच सितारा होटल में कार्यरत हैं।
तरुन का परिवार अब जाजरदेवल कस्बे में रहता है। रोड़ीपाली गांव में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। तरुन के परिजनों को बधाई देने के लिए कई लोग उनके घर पहुंच रहे हैं। तरुन के परिवार के लोग पासिंग आउट परेड में भाग लेने के बाद रविवार को यहां पहुंचे।