गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में रसोईगैस की किल्लत को दूर करने की मांग को लेकर लोगों ने गैस प्रबंधक सुरेश रैखोला को ज्ञापन दिया।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीश धानिक के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में क्षेत्र में गैस कार्यालय और गैस गोदाम होने के बाद भी लोगों को गैस न मिलने से नाराजगी जताई गई। कहा कि लाइन में घंटों खड़े रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनमाने तरीके से गैस बांटी जा रही है। क्षेत्र में सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। कहा कि 19 अक्तूबर तक समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सभी व्यापारी स्थानीय लोगों को साथ लेकर आंदोलन करेंगे।
वहीं, गैस प्रबंधक रैखोला का कहना है कि गैस प्लांट से ही सप्लाई कम हो रही है। हर महीने 16 ट्रक सिलेंडरों की मांग रहती है, लेकिन 8 ट्रक सिलेंडर ही मिल पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिलेंडरों का बैकलॉग 1200 से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ उपाध्यक्ष संजय रावल, महासचिव केशर सिंह, कोषाध्यक्ष कमलेश उप्रेती, प्रदीप पंत, किशन भंडारी, शंकर लाल चौधरी, राजेंद्र पाठक आदि मौजूद थे।