पिथौरागढ़। जाखपुरान निवासी अशोक गिरी ने राज्य लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनका चयन कृषि विभाग में पौध संरक्षण अधिकारी (पीपीओ) के पद पर हुआ है।
अशोक गिरी की प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर जाख, इंटर तक की शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज शैलकुमारी से और स्नातकोत्तर की शिक्षा पिथौरागढ़ महाविद्यालय से हुई। गिरी वर्तमान में चमोली (गढ़वाल) जिले के दुर्गम क्षेत्र में एलटी शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। एफ श्रेणी के विद्यालय में अध्यापन कार्य करने के साथ ही गिरी ने पीसीएस की तैयारी की। वह अपनी सफलता का श्रेय माता, पिता, गुरुजनों के साथ ही अपनी पत्नी और मित्रों को देते हैं।
गिरी का परिवार वर्तमान में नगर के भदेलबाड़ा (ऐंचोली) में रहता है। गिरी के चयन से उनके गृह क्षेत्र जाखपुरान में खुशी का माहौल है। गिरी कहते हैं कि लगन से मेहनत की जाए तो मुकाम अवश्य हासिल होता है।