पिथौरागढ़। मूसलाधार बारिश में मलबा आने से जिले की 19 सड़कें बंद हैं। इनमें धारचूला और मुनस्यारी की दो सीमा सड़क और एक नेशनल हाईवे शामिल है। सड़कें बंद होने से लोगों को पैदल आवाजाही करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जिले में मसूरीकांडा-होकरा, गिनी बैंड-समकोट, छिरकिला-जम्कू, कालिका-खुम्ती, कालिका-बजानी, आदिचौरा-सिन्नी, बांसबगड़-कोटा पंद्रपाला, बैराट बौगाड़-बाराजुबर, सानदेव-तुरगोली, डीडीहाट-पमस्यारी, सेराघाट-बुसैल, जमराड़ी-निशनी, भंडारीगांव रजवार-बोकटा, डिगतोली-ड्यूड़ी, कोटगांव-सिखोला, मालाकोट-लोध, रामगंगा ब्रिज-क्वीटी गिरगांव-कालामुनि-मुनस्यारी, तवाघाट-घट्टाबगड़, तवाघाट-सोबला सड़कें बंद हैं। रविवार रात धारचूला में 20 मिमी और मुनस्यारी में 2.4 मिमी बारिश हुई। अन्य स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। सोमवार सुबह मौसम सामान्य रहा। शाम को जिला मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई। धारचूला में काली नदी चेतावनी स्तर से ऊपर 889.10 मीटर पर बह रही है। जौलजीबी में गोरी नदी 604.50 मीटर जबकि मदकोट में 1211.75 मीटर पर बह रही है।
पेड़ गिरने से गणाई-बनकोट सड़क बंद
गणाईगंगोली। मूसलाधार बारिश के दौरान सोमवार को गणाई-बनकोट सड़क पर एक बड़ा पेड़ उखड़कर गिर गया। इस कारण एक घंटे से भी अधिक समय तक यातायात ठप रहा। लोगों को पैदल आवागमन के लायक भी स्थान नहीं मिला। स्थानीय निवासी सदीराम की सूचना पर लोनिवि ने जेसीबी मौके पर भेजकर पेड़ हटाया। इसके बाद यातायात सुचारु हुआ।