पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में रविवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। उच्च हिमालयी क्षेत्र से लगे इलाकों में चार से पांच सेकेंड तक झटके महसूस किए गए। इससे लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता लगभग तीन रिक्टर मापी गई। भूकंप से कहीं नुकसान की खबर नहीं है।
रविवार रात 8:42 बजे पर नाचनी से लेकर थल, बंगापानी, बलुवाकोट, धारचूला और मुनस्यारी तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटकों का आभास होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। काफी देर तक लोग घरों के बाहर रहे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आरएस राणा ने भूकंप की पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि जिले के कुछ भूभाग को छोड़कर शेष में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता तीन रिक्टर से कम आंकी गई। उन्होंने बताया कि कम रिक्टर के भूकंप के चलते केंद्र का पता नहीं लग सका है।