पिथौरागढ़। उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार से शुरू हो जाएगा। इसके लिए जिले में दो केंद्र बनाए गए हैं। मूल्यांकन का काम पखवाड़े भर तक चलेगा। इस दौरान मूल्यांकन केंद्रों पर पुलिस का पहरा भी रहेेगा।
जिले में मुख्यालय स्थित जीआईसी और मिशन इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। रविवार को इन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा। जीआईसी केंद्र में 200, जबकि मिशन केंद्र के मूल्यांकन में 175 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इन मिश्रित केंद्रों पर हाइस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएगी। इससे पहले कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तर पुस्तिकाओं को बेड़ीनाग, डीडीहाट, पिथौरागढ़ कलेक्शन सेंटर से मूल्यांकन केंद्रों पर लाया गया।
इन केंद्रों पर परीक्षकों के साथ ही पर्यवेक्षक भी नियुक्त कर दिए गए हैं। गुरना इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनमोल कर्नाटक और ऐंचोली जीजीआईसी की बसंती मर्तोलिया को पर्यवेक्षक बनाया गया है। एहतियातन केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. वीपी सिमल्टी ने बताया कि 15 अप्रैल को मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य है।
मूल्यांकन से पहले होगा प्रशिक्षण
मूल्यांकन से पहले परीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें उन्हें मूल्यांकन से संबंधित मानकों और सावधानियों के बारे में बताया जाएगा। संबंधित परीक्षा केंद्रों पर दो-दो मास्टर ट्रेनर परीक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच प्रशिक्षण सत्र होगा।