पिथौरागढ़। किसान मजदूर संघर्ष समिति ने किसानों के ऋण माफ करने समेत कई मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही इस बाबत डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है।
संगठन अध्यक्ष एपी धौनी के नेतृत्व में शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने नारेबाजी की। राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कहा कि चुनाव से पहले सत्ताधारी पार्टी ने किसानों के ऋण माफ करने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार बनने के बाद किसानों की तरफ सरकार देख भी नहीं दे रही है। इन लोगों ने अनुसूचित जाति, जनजाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति न मिलने का मामला भी उठाया।
कहा कि छात्रवृत्ति नहीं मिलने का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। भूमिहीनों का मामला उठाते हुए कहा कि इन लोगों के आय, जाति, स्थायी निवास प्रमाण पत्र तक नहीं बन पा रहे हैं। लंबे समय से लोगों को बेटी के विवाह के लिए मिलने वाला कन्या धन नहीं मिला है। प्रदर्शन में समिति के मंडलीय संयोजक मदन राम सनयाल, सचिव धर्म सिंह, अनीता देवी, जाहिदा खातून, कमला, सलीम अख्तर, नसरीन, शब्बो आदि शामिल थे।