पिथौरागढ़। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत तीन स्वयं सहायता समूहों के 34 सदस्यों का बृहस्पतिवार से नगरपालिका हाल में खाद्य प्रसंस्करण और फल संरक्षण प्रशिक्षण शुरू हो गया है। छह दिन तक चलने वाले इस प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को फलों से विभिन्न प्रकार के पदार्थ तैयार करने की जानकारी दी जाएगी।
नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने प्रशिक्षण का उद्घाटन किया। कहा कि जिले में कई प्रकार के फल पैदा होते हैं लेकिन उनके संरक्षण की जानकारी न होने के कारण अधिकतर फल या तो बर्बाद हो जाते हैं या फिर उनको औने पौने दामों में बेचना पड़ता है। प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं फलों का सही तरीके से संरक्षण कर पाएंगी।
सामाजिक उत्प्रेरण एवं संस्थागत विकास कार्यक्रम के तहत यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक एनआर चन्याल और एनडी जोशी, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के परियोजना प्रबंधक महेंद्र सिंह बिष्ट ने भी विचार रखे। इस दौरान चंद्रशेखर भट्ट, नीरज कुमार द्विवेदी, भरत सिंह मेहता, पालिका के अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी, पुष्पा उप्रेती, हरीश बिष्ट, अनीता साही आदि लोग थे।