पिथौरागढ़। बंगापानी से आलमदारमा के लिए स्वीकृत सात किलोमीटर लंबी सड़क की निविदाएं एक वर्ष पहले खुल गई थी, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने अब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं किया है। सड़क कांग्रेस शासनकाल में मंजूर हो गई थी।
क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को बंगापानी में तहसीलदार आईबी मल्ल को ज्ञापन देकर कहा कि यदि सड़क का निर्माण कार्य एक हफ्ते में शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करेंगे। आलमदारमा में आलू और राजमा की फसल काफी मात्रा में होती है। सड़क न होने के कारण लोगों को फसल की सही कीमत नहीं मिल पाती।
तहसीलदार ने लोनिवि के अवर अभियंता महेश आर्या को अपने कार्यालय में बुलाकर सड़क का निर्माण शुरू न होने की स्थिति की जानकारी ली। अवर अभियंता ने कहा कि विभाग ने सड़क निर्माण के लिए सारी तैयारी कर ली है और एक हफ्ते में काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक सड़क के सर्वे के काम में देरी हो गई थी। ज्ञापन देने वालों में विजय धामी, शेर सिंह महरा, रूप सिंह महरा, महिपाल सिंह महरा, रमेश सिंह धामी, उत्तम राणा आदि थे।