डीडीहाट (पिथौरागढ़)। रामलीला मैदान में शुक्रवार से आयोजित चार दिनी नंदा महोत्सव की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। कलश यात्रा एवं जोहार की संस्कृति के साथ नंदा महोत्सव की शुरुआत होगी। इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
नंदा महोत्सव मेला कमेटी के अध्यक्ष डीएस पांगती एवं सचिव संजय पंत ने बताया कि सुबह नगर के स्कूल के बच्चे झांकी निकालेंगे। झांकी मुख्य बाजार होते हुए रामलीला मैदान में प्रवेश करेगी। मैदान में सभी झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा बाहरी कलाकारों के कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे।
चार दिनों तक रामलीला मैदान में प्रतिदिन झांकी प्रदर्शित की जाएंगी। महोत्सव के दौरान मटकी फोड़, जूनियर एवं सीनियर स्तर की झोड़ा चांचरी, छलिया नृत्य, भगनौल आदि मुख्य आकर्षक का केंद्र रहेंगे। वहीं ग्राम सभा हाट की हिरन चीतल की झांकी भी महोत्सव में आकर्षक का केंद्र रहेगी। महोत्सव के लिए रामलीला मैदान एवं नंदा मंदिर को सजाया गया है।