बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। चौकोड़ी के लोगों ने केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा से धामपुर से तुषरेड़ा ठांगा तक मार्ग निर्माण की मांग की। मंत्री को सौंपे ज्ञापन में लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर वर्ष 2006 में भी सरकार का ज्ञापन भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वर्ष 2011 में जिला योजना में अनुमोदन के बाद भी सड़क निर्माण का मामला अधर में लटका है। उक्त मार्ग का निर्माण न होने से तुषरेड़ा, ठांगा, कमस्यारी के लोगों को परेशानी होती है। ज्ञापन सौंपने वालों में कुशल सिंह धानिक, प्रमोद उप्रेती, हरीश धानिक, अश्वनी कुमार आदि थे।
टम्टा का स्वागत कर आभार जताया
बेड़ीनाग। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा का बेड़ीनाग में स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने कैंसर पीड़ित छात्रा ज्योति मेहरा के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराने और प्रशासनिक मदद के लिए मंत्री का आभार जताया। टम्टा ने ज्योति मेहरा का हाल भी जाना। स्थानीय लोगों ने मंत्री के समक्ष चौकोड़ी-हमकार्की के अंतर्गत पूर्व में स्वीकृत सड़क मार्ग के द्वितीय चरण के कार्य के लिए धन अवमुक्त कराने की मांग उठाई। इस पर मंत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यहां पर रमेश पांडे आदि थे।